

स्पोर्ट्स डेस्क। IPL-13 में आज फाइनल खेला जाना है। मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। मैच से पहले दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर दबाव बनाने वाले बयान दिए। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा- मुंबई चार बार की चैम्पियन है। टीम को मानसिक बढ़त हासिल है। पहली बार फाइनल में पहुंचने वाली दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने कहा- दिल्ली को हल्के में लेने की भूल न करें। क्योंकि दिल्ली का सर्वश्रेष्ठ आना अभी बाकी है।

मुंबई इंडियंस के लिए इस सीजन बल्ले से लाजवाब प्रदर्शन करने वाले सूर्यकुमार यादव की कप्तान रोहित शर्मा ने जमकर तारीफ की है। सूर्यकुमार ने आईपीएल 2020 में मुंबई इंडियंस की टीम को कई मुश्किल मुकाबलों में अकेले दम पर जीत दिलाई है और टीम फाइनल मैच मे दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी उनसे ऐसी ही पारी की उम्मीद कर रही होगी।
कप्तान रोहित ने सूर्यकुमार यादव की तारीफ करते हुए कहा, 'सूर्य उनमें से हैं, जो अपने गेम को अलग स्तर पर लेकर गए हैं। हम सबने देखा है, हम सब उसके गवाह बने हैं। मुझे सूर्यकुमार की जो सबसे अच्छी बात लगती है, वो है उनका टेम्पो और उस टेम्पो को वो जिस तरह से बल्लेबाजी करने उतरते वक्त भी कायम रखते हैं वो शानदार है। उन्होंने हमारे लिए काफी अच्छा किया है और मैं उनके लिए काफी खुश हूं। वो यहां पर कुछ बड़ा करने आए है और हम देख रहे हैं कि वो हो रहा है।
Herald