सिडनी
विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया दो महीने के ऑस्ट्रलिया दौरे के लिए सिडनी पहुंच चुकी है, जहां क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने भारतीय टीम की मेहमान नवाजी में कोई कसर नहीं छोड़ने का फैसला किया है। सीए यह सुनिश्चित करने में लगी है कि भारतीय टीम को अपने दो महीने के ऑस्ट्रेलियाई दौरे में किसी तरह की तकलीफ न हो। सहयोगी स्टॉफ समेत 32 सदस्यीय दल अपने पहले दो सप्ताह क्वारंटाइन में बिताएगी, हालांकि वहां उन्हें प्रैक्टिस करने की अनुमति होगी। उस 14 दिनों के पूरा होने के बाद भारतीयों को घूमने-फिरने के लिए थोड़ी छूट मिलने की संभावना है।
यह छूट अलग-अलग राज्यों में लगे प्रतिबंधों पर निर्भर करेगी। एडिलेड और मेलबर्न जैसे कुछ जगहों पर अपेक्षाकृत कड़े उपायों को लागू किए जाने की उम्मीद है। आईपीएल में शामिल ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों और कोचों के साथ भारतीय टीम चार अलग-अलग बसों में एक साथ होटल पहुंची। वहां होटल के सुरक्षाकर्मियों के अलावा सेना और पुलिस के जवानों ने उनका अभिवादन किया। भारतीय टीम को पुलमैन होटल में ठहराया गया है। टीम 14 दिनों तक यहीं रहेगी। यहां पर कप्तान विराट कोहली को खास पेंटहाउस दिया गया है, जिसमें सामान्य तौर पर रग्बी के दिग्गज खिलाड़ी ब्रैड फिटलर ठहरते हैं।
ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने खिलाड़ियों के परिवारों को भी साथ में ठहरने की अनुमति दी है और इन्हें भी क्वारंटाइन प्रोटोकॉल से गुजरना होगा। रविचंद्रन अश्विन, चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे अपनी पत्नी और बच्चे के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए हैं। टीम इंडिया का प्रैक्टिस सेशन ब्लैकटाउन इंटरनैशनल स्पोर्ट्स पार्क में होगा और इसके लिए स्टेडियम को पूरी तरह बायो सिक्योर किया गया है। सिडनी में खिलाड़ियों का शुरुआती कुछ दिन स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनजर एहतियात के तौर पर आराम करने की उम्मीद है। उन्हें किसी और के कमरे में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह प्रोटोकॉल उनके क्वारंटाइन पीरियड तक लागू रहेगा।
भारतीय खिलाड़ी 14 नवंबर के बाद से प्रैक्टिस शुरू कर सकते हैं और उनमें से कितने लोग एक साथ प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा ले सकते हैं, इस पर कोई प्रतिबंध नहीं है। टीम प्रबंधन ने खिलाड़ियों को पूरी तन्मयता से स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए हैं। भारतीय खिलाड़ियों का सिडनी हवाई अड्डे पर उतरने के बाद जिस तरह से उनकी देखभाल की गई है, उससे भारतीय टीम प्रबंधन बहुत खुश है। चाहे वह आवभगत हवाई अड्डे पर रहा हो या खिलाड़ियों के होटल आगमन पर।
The post ऑस्ट्रेलिया में मेहमान नवाजी से खुश टीम इंडिया appeared first on Bhavtarini.