

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2020 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही डेविड वॉर्नर की टीम क्वालीफायर-2 में पहुंच गई। वहां उसका मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से 8 नवंबर को होगा। दूसरी ओर, इस हार के साथ ही विराट कोहली की टीम का सफर टूर्नामेंट में समाप्त हो गया। हैदराबाद को जीत के लिए आखिरी ओवर में 9 रन बनाने थे। विलियमसन ने पहली गेंद पर सिंगल लिया। इसके बाद जेसन होल्डर ने तीसरी और चौथी गेंद पर चौका लगाकर मैच अपने नाम कर लिया।

कोहली ने मैच के बाद कहा, ‘अगर आप पहली पारी की बात करो तो मुझे नहीं लगता कि हमने पर्याप्त स्कोर बनाया था. हम थोड़े से अंतर से हार गए और अगर हमने केन (विलियमसन) को आउट कर दिया होता तो फिर परिणाम अलग होता. कुल मिलाकर हमने उनके गेंदबाजों मनमाफिक गेंदबाजी करने दी और उन्हें दबाव में नहीं रखा.
उन्होंने कहा, ‘पिछले चार मैच हमारे लिए बड़े अजीब रहे. हमने सीधे फील्डर्स के हाथों में शॉट खेले. हमारे कुछ खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया तथा यह अच्छा सत्र रहा. देवदत्त (पडिक्कल) और (मोहम्मद) सिराज उन खिलाड़ियों में शामिल हैं. युजी (युजवेंद्र चहल) और एबी (डिविलियर्स) ने हमेशा की तरफ अच्छा प्रदर्शन किया.’कोहली ने इस सत्र के बेहद प्रतिस्पर्धी होने के बारे में कहा, ‘इस बार अपने या विरोधी टीम के मैदान पर खेलने जैसा मामला नहीं था. सभी के लिए परिस्थितियां एक जैसी थीं. आपको अपनी असली मजबूती दिखानी होती थी और संभवत: इसलिए यह बेहद प्रतिस्पर्धी सीजन रहा.’
Herald