

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले तीन-तीन मैचों की वनडे और टी-20 सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज में टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा चोट की वजह से नहीं खेल पाएंगे। लिमिटेड ओवर सीरीज में रोहित शर्मा के बिना उतर रही भारतीय टीम के संदर्भ में ऑस्ट्रेलिया टीम के सलामी बल्लेबाज वॉर्नर ने कहा कि उनकी भरपाई करना आसान नहीं होगा लेकिन विराट कोहली की टीम में इससे निपटने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि बेशक वो उनकी टीम के अहम खिलाड़ी हैं और उन्हें उनकी कमी खलेगी लेकिन उनके पास लोकेश राहुल, शिखर धवन और मयंक अग्रवाल जैसे खिलाड़ी हैं जो काफी अच्छी फॉर्म में हैं। इसमें उन्होंने राहुल और मयंक को उनका आदर्श रिप्लेसमेंट बताया।

उन्होंने कहा कि ये दोनों खिलाड़ी आईपीएल में खेले थे इसलिए आपके पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो अच्छी लय में हैं। भारतीय कप्तान कोहली 17 दिसंबर से एडिलेड में शुरू हो रहे पहले टेस्ट के बाद अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए भारत लौटेंगे और वॉर्नर ने इस फैसले की सराहना की। वॉर्नर ने भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान अजिंक्य रहाणे की भी सराहना की और कहा कि वह धैर्य और संतुलित रवैये के साथ खेलते हैं।

कोहली के जाने के बाद रहाणे के टीम की अगुवाई करने की उम्मीद है और ऐसे में टेस्ट मुकाबले में क्या अलग होगा यह पूछने पर वॉर्नर ने कहा कि वह धैर्यवान है और काफी संतुलित रवैये के साथ खेलता है। क्रिकेट को लेकर उसकी समझ काफी अच्छी है। उन्होंने कहा कि भारत के नजरिए से यह शानदार है कि आपके पास चार नहीं तो कम से कम तीन काफी अच्छे खिलाड़ी हैं जो कभी भी टीम की कप्तानी कर सकते हैं। वह अपने स्वभाव की तरह धैर्य और संतुलित रवैया लेकर आएगा।
Herald