

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2020 लीग स्टेज के आखिरी मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 10 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही हैदराबाद की टीम ने प्लेऑफ में लगातार पांचवीं बार अपनी जगह बनाई। पंजाब के खिलाफ जब हैदराबाद को आईपीएल की अपनी सातवीं हार का सामना करना पड़ा, तो लगभग हर किसी ने मान लिया कि डेविड वॉर्नर की कप्तानी में खेल रही टीम प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने में कामयाब नहीं होगी।

पंजाब के खिलाफ जिस तरह से टीम की बैटिंग ताश के पत्तों की तरह बिखर गई थी, उसके बाद जरूरत थी टीम में कुछ बदलाव की और वापस टीम को एकजुट करने की। कप्तान वॉर्नर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बड़ा दांव खेला और जॉनी बेयरस्टो को बाहर बैठाकर टेस्ट क्रिकेट के प्लेयर कहे जाने वाले ऋद्धिमान साहा के साथ पारी की शुरुआत करने का फैसला किया। टीम का यह बदलाव ऐसा काम किया कि हैदराबाद ने अगले तीन मैचों में टॉप तीन टीमों को हराकर प्लेऑफ का अपना टिकट कटवा लिया।

बेयरस्टो की जगह वॉर्नर के साथ सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतरे ऋद्धिमान साहा ने दिल्ली के खिलाफ 45 गेंदों में 87 रनों की तूफानी पारी खेलकर कप्तान के फैसले को एकदम सही साबित कर दिया। साहा की उस ताबड़तोड़ पारी ने टीम को दिल्ली के खिलाफ 88 रनों की बड़ी जीत दिलाई। दिल्ली के खिलाफ मिली जीत से सनराइजर्स हैदराबाद का मनोबल बढ़ा और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ टीम के गेंदबाजों ने गेंद से कहर बरपाया और टीम को एक आसान जीत दिला दी।
Herald