

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 27 नवंबर से तीन मैचों की वनडे इंटरनैशनल सीरीज खेली जानी है। इसके बाद तीन मैचों की टी20 इंटरनैशनल सीरीज खेली जानी है और फिर चार टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर सीरीज खेली जाएगी। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ टीम इंडिया के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं। स्मिथ ने सीरीज से पहले ही भारतीय गेंदबाजों को चेतावनी दे दी है कि वह फॉर्म में वापसी कर चुके हैं। इस बीच मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भारतीय तेज गेंदबाजों को स्मिथ को आउट करने के लिए एक खास सलाह दी है।

तेंडुलकर ने कहा, ‘स्मिथ की तकनीक गैरपारंपरिक है.... सामान्यत: टेस्ट मेचों में हम गेंदबाज को ऑफ स्टंप या चौथे स्टंप की लाइन के आसपास गेंदबाजी करने के लिए कहते हैं लेकिन स्मिथ मूव करता है इसलिए शायद गेंद की लाइन चार से पांच इंच और आगे होनी चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘स्टीव के बल्ले का किनारा लगे इसके लिए चौथे और पांचवें स्टंप के बीच की लाइन पर गेंदबाजी करने का लक्ष्य बनाना चाहिए। यह कुछ और नहीं बल्कि लाइन में मानसिक रूप से बदलाव करना है।

तेंडुलकर ने कहा, ‘मैंने पढ़ा है कि स्मिथ ने कहा है कि वह शॉर्ट पिच गेंदबाजी के लिए तैयार है... संभवत: वह उम्मीद कर रहा है कि गेंदबाज शुरुआत से ही उसके खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाएंगे। लेकिन मुझे लगता है कि ऑफ स्टंप के बाहर की तरफ उसकी परीक्षा ली जानी चाहिए। उसे बैकफुट पर रखो और शुरुआत में ही गलती करवाओ।’ अंदर की ओर स्विंग होती गेंद क्या अधिक प्रभावी नहीं होगी इस बारे में पूछने पर तेंडुलकर ने कहा, ‘इसके लिए यह देखना होगा कि गेंद कितनी स्विंग कर रही है। ये सभी चीजें मायने रखती हैं। आप लार का इस्तेमाल नहीं कर सकते इसलिए अगर विकेट अधिक जीवंत है तो यह अलग मामला है। इंग्लैंड में टेस्ट मैचों के दौरान कभी कभी ड्यूक गेंद काफी स्विंग नहीं करती।
Herald