

स्पोर्ट्स डेस्क। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2020 के पहले क्वालिफायर में दिल्ली कैपिटल्स को 57 रनों से हरा दिया। इस मैच को जीतने के साथ ही मुंबई की टीम ने लगातार दूसरे साल फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। मुंबई की इस जीत के हीरो रहे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट। बुमराह ने 4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। उन्हें मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। दूसरी ओर, बोल्ट ने 2 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट लिए। दोनों गेंदबाजों ने एक-एक ओवर मेडन किया। मुंबई ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 200 रन का मजबूत स्कोर बनाया. इसके जवाब में दिल्ली की टीम आठ विकेट पर 143 रन ही बना पाई.

पर्पल कैप की रेस में फिर से मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह शीर्ष पर आ गए हैं. बुमराह ने 14 मैचों में 27 विकेट चटकाए हैं. दूसरे नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा हैं, जिनके नाम 25 विकेट है. तीसरे नंबर पर मुंबई के गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट हैं. उन्होंने 14 मैच में 22 विकेट लिए हैं. चौथे नंबर पर राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर हैं जिन्होंने 20 विकेट चटकाए हैं. पांचवें पायदान पर आरसीबी के स्पिनर यजुवेंद्र चहल हैं जो कि टूर्नामेंट में अब तक 20 विकेट ले चुके हैं.
आईपीएल 2020 में 670 रन बना चुके केएल राहुल ने ऑरेंज कैप पर अपना कब्जा बरकरार रखा है. हालांकि केएल राहुल की टीम किंग्स इलेवन पंजाब प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी है.दूसरे नंबर सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर हैं जिन्होंने 529 रन बनाए हैं. तीसरे नंबर दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन हैं जिन्होंने 525 रन बनाए हैं. पांचवें नंबर पर मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक हैं जिनके नाम 483 रन दर्ज है.
Herald