

स्पोर्ट्स डेस्क। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इंटरनेशनल क्रिकेट में पर्दापण को लेकर नया नियम बनाया है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए खिलाड़ियों को अब कम से कम 15 साल का होना पड़ेगा. यानि 15 साल की उम्र वाले खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल सकेंगे. हालांकि 15 साल से कम उम्र के खिलाड़ी अपने देशों के लिए घरेलू क्रिकेट खेल सकते हैं. असाधारण परिस्थितियों में कोई भी देश छोटे उम्र के खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने देने के लिए आईसीसी में आवेदन कर सकता है.

आईसीसी का यह नया नियम द्विपक्षीय सीरीज, आईसीसी टूर्नामेंट्स और अंडर-19 क्रिकेट में भी लागू होगा. महिला खिलाड़ियों के लिए भी यही नियम लागू होगा. इससे पहले, किसी भी क्रिकेटर की इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने पर उम्र पर कोई रोक नहीं थी. आईसीसी ने एक बयान में कहा, 'अपवाद की स्थिति में सदस्य बोर्ड 15 साल से कम खिलाड़ियों को खेलने की मंजूरी देने के लिए आईसीसी से अपील कर सकता है. इसमें खिलाड़ी का खेलने का अनुभव, मानसिक विकास और वह किस तरह से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का दबाव झेल पाएगा इस बात का ध्यान रखा जाएगा.'

टेस्ट क्रिकेट की बात करें, तो पाकिस्तान के हसन रजा ने 1996 में 14 साल 227 दिन की उम्र में पदार्पण किया था. रोमानिया के मारियन घेरसिम (2020) और कुवैत के मीत भवसार (2019) ने भी 14 साल की उम्र में अपना इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा. दोनों ने टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया.
Herald