

स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया दौरे का पहला मैच गंवाया और अब खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया है. शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पर धीमी ओवर गति के लिए खिलाड़ियों को उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना भरना पड़ेगा. भारत ने पहले वनडे में अपने 50 ओवर पूरे करने के लिए 4 घंटे और 6 मिनट के लिये, जिसमें उसे 66 रनों से हार का सामना करना पड़ा. विराट ब्रिगेड ने तय वक्त में लक्ष्य से एक ओवर कम फेंका. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के मैच रेफरी डेविड बून ने यह जुर्माना लगाया.

Emirates ICC Elite Panel के मैच रेफरी डेविड बून ने पाया कि विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम ने निर्धारित समय से अपने 50 ओवर नहीं फेंके। जो समय दिया गया था, उसके मुताबिक, भारतीय टीम ने एक ओवर देरी से फेंका, जिसकी वजह से टीम को सजा मिली। खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगियों को ICC की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार दोषी पाया गया है, जो कि न्यूनतम ओवर-गति के अपराधों से संबंधित है। ऐसे में खिलाड़ियों को उनके मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है, क्योंकि उनकी तरफ से आवंटित समय में गेंदबाजी नहीं की गई।

कोहली ने अपराध को स्वीकार कर लिया है, साथ ही प्रस्तावित सजा को भी कबूल कर लिया है। ऐसे में औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं है। ऑन-फील्ड अंपायर रॉड टकर और सैम नोगाज्स्की, टीवी अंपायर पॉल राइफेल और चौथे अंपायर जेरार्ड एबूद ने भारतीय टीम पर ये आरोप लगाए थे, जो कि सही पाए गए। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब दूसरा वनडे मैच इसी मैदान पर रविवार 29 नवंबर को खेला जाएगा। वहीं, आखिरी वनडे मैच कैनबरा में 2 दिसंबर को खेला जाना है।
Herald