

स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया का गेंदबाजी आक्रमण विपक्षी टीमों पर दबाव बनाने और उनके खिलाड़ियों को आउट करने में लगातार फेल हो रहा है। यही कारण है कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया के हाथों तीन मैच की वन-डे सीरीज गंवा दी। दरअसल, भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी विकेटों के लिए तरस रहे हैं। यही कारण है कि दूसरी टीमों के बल्लेबाज भारत के खिलाफ जमकर रन बटोर रहे हैं और रनों का अंबार लगा रहे हैं।

टीम के गेंदबाजों का यह खराब प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में भी जारी रहा और टीम ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।वनडे इतिहास के 978 मुकाबलों में पहली बार ऐसा हुआ है कि भारतीय टीम के खिलाफ लगातार तीन मैच में विपक्षी ओपनर्स ने शतकीय साझेदारी की है। सबसे पहले न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल और हेनरी निकोल्स ने माउंट माउनगुई में 106 रनों की साझेदारी की थी।

इसके बाद फिंच और वॉर्नर ने लगातार दो बार ऐसा किया। भारतीय गेंदबाज लगातार पांचवें मैच में पावरप्ले (शुरुआती 10 ओवर) के दौरान विकेट लेने में नाकाम रहे हैं। इसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैच शामिल हैं।
Herald