

स्पोर्ट्स डेस्क। पहले खिताब की तलाश कर रही दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को आईपीएल (IPL 2020) के इस सीजन के पहले क्वालीफायर में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के हाथों करारी शिकस्त का सामना पड़ा. हालांकि फाइनल में पहुंचने के लिए उसके पास क्वालीफायर 2 के रूप में एक आखिरी मौका और है. दिल्ली रविवार को क्वालीफायर 2 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. टूर्नामेंट में सही समय पर लय हासिल करने वाली सनराइजर्स टीम के हौसले बुलंद हैं. इस मैच की विजेता टीम का सामना फाइनल में मुंबई इंडियंस (MI) से होगा. यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा.

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पिछले चारों मुकाबले 'करो या मरो' के थे, लेकिन टीम ने सभी में जीत दर्ज की. दूसरी तरफ शुरुआती मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम टूर्नामेंट के आखिरी चरण तक पहुंचते-पहुंचते लय से भटक गई. शुरुआती चरण में लचर प्रदर्शन करने वाली हैदराबाद की टीम की वापसी का श्रेय कप्तान डेविड वॉर्नर को जाता है, जिन्होंने अपने खिलाड़ियों का शानदार इस्तेमाल किया.
शुरुआती 9 मैचों में 7 जीत दर्ज करने वाले दिल्ली कैपिटल्स की पिछले 6 मैचों में 5 हार से कप्तान श्रेयस अय्यर की योजनाओं को झटका लगा है. युवा कप्तान अय्यर टूर्नामेंट के 13वें सत्र में टीम को पहली बार फाइनल में ले जाना चाहेंगे, तो वहीं वॉर्नर 2016 की सफलता को एक बार फिर से दोहराकर दूसरी बार टीम को चैम्पियन बनाना चहेंगे. वॉर्नर अगर अगले दो मैचों में जीत दर्ज करने में सफल रहे तो टूर्नामेंट में सबसे कम अनुभव वाले खिलाड़ियों के साथ जीत दर्ज करने का सेहरा उनके सिर बंधेगा
Herald