

स्पोर्ट्स डेस्क। देश में कोरोना के चलते पिछले आठ माह से बंद पड़ी खेल गतिविधियां शुक्रवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल के साथ बहाल हो जाएंगी। यह लॉकडाउन लागू होने के बाद देश में आयोजित होने वाला पहला बड़ा टूर्नामेंट होगा। बंद दरवाजों के बीच बिना दर्शकों के खेले जाने वाले टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला पूर्व चैंपियन एटीके मोहन बागान और केरल ब्लास्टर्स के बीच मुकाबले से होगा। टूर्नामेंट में कुल 11 टीमें जोर आजमाइश करेंगी.

किबु विकुना ने पिछले सत्र में मोहन बागान की कोचिंग करते हुए उसे आई लीग खिताब दिलाया था और अब वह केरला ब्लास्टर्स टीम के कोच हैं. एटीके मोहन बागान के मुख्य कोच एंटोनियो लोपेज हबास ने उन्हें चेताते हुए कहा कि इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) बिलकुल अलग तरह का टूर्नामेंट है. विकुना की पहली चुनौती अपनी पूर्व टीम से होगी, जो बिल्कुल नए अवतार में होगी क्योंकि मोहन बागान और तीन बार की आईएसएल चैम्पियन एटीके का विलय हो चुका है.
सबसे सफल आईएसएल कोच हबास ने शुरुआती मैच से पहले कहा, ‘किबु विकुना ने मोहन बागान में अच्छा काम किया था, लेकिन इस साल यह अलग तरह का टूर्नामेंट है और अलग सत्र है. उन्होंने कहा, ‘मैं उनका पूरा सम्मान करता हूं, लेकिन शुक्रवार को हम तीन अंक हासिल करने की कोशिश करेंगे, क्योंकि हम प्रत्येक दिन इसके लिए काम कर रहे हैं.
Herald