

स्पोर्ट्स डेस्क। सनराइजर्स हैदराबाद को लगातार चार जीत के बाद रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली कैपिटल्स की टीम पहली बार आईपीएल के फाइनल में खेलेगी. क्वालिफायर-2 के 'करो या मरो' के मुकाबले में उसने सनराइजर्स हैदराबाद की चुनौती 17 रनों से ध्वस्त की. रविवार रात अबु धाबी में पहले तो उसने 189/3 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया और उसके बाद हैदराबाद को 172/8 के स्कोर पर रोक दिया. दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच शाम 7.30 बजे 13वें सीजन का फाइनल मैच खेला जाएगा.

मुंबई इंडियंस की टीम ने छठी बार फाइनल में जगह बनाई है. फाइनल में मुंबई की टीम का रिकॉर्ड सबसे ज्यादा शानदार है और वह चार बार खिताब नाम करने में कामयाब रही है. 2010 में मुंबई इंडियंस की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची थी और तब उसे हार का सामना करना पड़ा था. लेकिन 2013, 2015, 2017 और 2019 में फाइनल का सफर तय करने के बाद मुंबई की टीम ने खिताब अपने नाम किया. दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो यह टीम पहली बार आईपीएल के फाइनल में पहुंचने में कामयाब हुई है. मौजूदा समय की 8 एक्टिव टीमों से दिल्ली की टीम ही ऐसी है जिसने अब तक फाइनल नहीं खेला था. लेकिन दिल्ली की टीम ने इस सीजन में इतिहास रच दिया है.

मुंबई इंडियंस की टीम खिताब जीतने की प्रबल दावेदार है, क्योंकि इस टीम के पास ना सिर्फ पांच बार फाइनल खेलने का अनुभव है, बल्कि इस सीजन में मुंबई ने दिल्ली को तीन बार मात दी है. मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दिल्ली की तुलना में ज्यादा बैलेंस दिखाई देती है. हालांकि रोहित शर्मा का फॉर्म टीम के लिए थोड़ी चिंता का विषय जरूर है. दिल्ली की बात करें तो उसने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बल्ले और गेंद दोनों से ही शानदार खेल दिखाया और फाइनल में जगह बनाई. दिल्ली की टीम के लिए शिखर धवन और रबाडा का फॉर्म सबसे बड़ा प्लस प्वाइंट है. लेकिन रिषभ पंत इस सीजन में बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए हैं, लेकिन फिलहाल दिल्ली के पास उनका कोई विकल्प भी नज़र नहीं है.
Herald