

स्पोर्ट्स डेस्क। चार बार के आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 57 रन से करारी शिकस्त देकर छठी बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाइनल में प्रवेश किया. मौजूदा चैंपियन मुंबई ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 200 रन का मजबूत स्कोर बनाया. इसके जवाब में दिल्ली की टीम आठ विकेट पर 143 रन ही बना पाई. अब वह 5वें खिताब से एक कदम दूर है. मुंबई इससे पहले 2010, 2013, 2015, 2017 और 2019 में भी फाइनल में पहुंचा था. दिल्ली का सफर अभी समाप्त नहीं हुआ है. वह दूसरे क्वालीफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आज होने वाले एलिमिनेटर के विजेता से भिड़ेगा.

लेकिन मैच के दौरान कीवी पेसर ट्रेंट बोल्ट चोटिल हो गए. 201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को पहले ही ओवरों में दो झटके देने वाले बोल्ट दो ही ओवर फेंक पाए. कप्तान रोहित ने उम्मीद जताई है कि वह फाइनल तक ठीक हो जाएंगे. बोल्ट चोटिल (ग्रोइन इंजुरी) होने के कारण 2 ओवर ही कर पाए, लेकिन रोहित ने उनकी और बुमराह की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘ट्रेंट अच्छा महसूस कर रहे हैं. अभी बड़ा मैच है और हम उन्हें अगले मैच के लिए फिट चाहते हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि वह 10 नवंबर को मैदान पर रहेंगे.

रोहित ने कहा, ‘मेरा मानना है कि यह हमारा अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. हमने जिस तरह से अपने इरादे दिखाए. जिस तरह से दूसरे ओवर में विकेट गंवाने के बाद (क्विंटन) डिकॉक और सूर्या (सूर्यकुमार यादव) ने बल्लेबाजी की. जिस तरह का हमने अंत किया और फिर शानदार गेंदबाजी की.
Herald