

स्पोर्ट्स डेस्क। वैसे तो भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहले एकदिवसीय श्रृंखला में भाग लेना है, लेकिन टीम इंडिया के धुरंधर टेस्ट सीरीज की तैयारी करने में लगे हैं। चोट के चलते टी-20 और वन-डे सीरीज से बाहर रोहित शर्मा बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में पसीना बहा रहे हैं। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया में विराट कोहली की अगुवाई में टीम के शीर्ष बल्लेबाजों ने भी लाल और गुलाबी गेंद से टेस्ट मैच की तरह अभ्यास किया।

रोहित ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए भारत की लिमिटेड ओवर की टीम का हिस्सा नहीं हैं. चयनकर्ताओं ने मुंबई इंडियंस के लिए फाइनल के अलावा दो इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैच में खेलने के बाद रोहित शर्मा को संशोधित टेस्ट टीम में शामिल किया था. रोहित शर्मा ने हालांकि कहा कि वह बिलकुल ठीक हैं, लेकिन बीसीसीआई को लगा कि उन्हें आईपीएल के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने के लिए और समय की जरूरत है जिससे उनकी फिटनेस को लेकर बहस शुरू हो गई.

मुंबई की टीम ने फाइनल में शानदार जीत हासिल की, जिसमें रोहित ने 68 रन की तेज तर्रार पारी खेली. रोहित की फिटनेस काफी अहम बन गई है, क्योंकि नियमित कप्तान विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में पहले टेस्ट के बाद उपलब्ध नहीं होंगे. कोहली अपने बच्चे के जन्म के लिए पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ रहने के लिए लौट आएंगे. बुधवार को सीनियर तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने मुख्य चयनकर्ता सुनील जोशी और एनसीए प्रमुख राहुल द्रविड़ की देखरेख में गेंदबाजी की.
Herald