

स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए टीम इंडिया के चयन को लेकर खड़ा हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए सबसे बड़ा सवाल रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर है. रोहित शर्मा ने हाल ही में मुंबई इंडियंस को पांचवीं बार आईपीएल विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई है. लेकिन सौरव गांगुली के बाद पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर का कहना है कि रोहित शर्मा अब तक पूरी तरह से फिट नहीं हैं.

आखिरकार रोहित शर्मा को वनडे व टी20 टीम में शामिल क्यों नहीं किया गया इस पर बीसीसीआइ की तरफ से तो कोई आधिकारिक बयान नहीं आया, लेकिन बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इसे लेकर कुछ बातें साफ जरूर की हैं। गांगुली ने द वीक से बात करते हुए कहा कि, रोहित शर्मा इस समय 70 फीसदी ही फिट हैं और इसी वजह से उन्हें वनडे व टी20 टीम में शामिल नहीं किया गया। गांगुली ने कहा कि हालांकि उन्हें टेस्ट टीम में जगह जरूर दी गई है।

गांगुली से जब पूछा गया कि रोहित शर्मा ने इंजरी से वापसी करने के बाद आइपीएल के मुकाबले भी खेले जिसमें फाइनल मैच भी शामिल था। इस पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि, इसके बारे में रोहित शर्मा ही ज्यादा बेहतर बता सकते हैं। अब रोहित शर्मा बेंगलुरु में एनसीए में रिहैबिलिटेशन से गुजरेंगे और इसके बाद जब वो फिटनेस टेस्ट में पास होंगे तब उन्हें ऑस्ट्रेलिया भेजा जाएगा। भारत व ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट सीरीज की शुरुआत 27 नवंबर से होगी तो वहीं पहला टेस्ट मैच 17 दिसंबर से खेला जाएगा।
Herald