

स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 2020) के फाइनल मुकाबले में धाकड़ पारी खेलने वाले पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम (Babar Azam In PSL) की चर्चा हर तरफ हो रही है। पीएसल का फाइनल मुकाबला मंगलवार को कराची में खेला गया। इस मैच में कराची किंग्स ने बाजी मार पाकिस्तान सुपर लीग का अपना पहला खिताब अपने नाम किया। इसी मुकाबले में बाबर आजम ने 49 गेंदों पर 63 रन की नाबाद पारी खेली। जिससे कराची की टीम ने आठ गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 135 रन बनाकर जीत दर्ज की. इस धमाकेदार पारी के बाद बाबर आजम की ट्विटर पर जमकर तारीफ हो रही है. फैंस बाबर की तुलना विराट कोहली के साथ कर रहे हैं.

इससे पहले लाहौर की टीम धीमी पिच को पढ़ने में नाकाम रही और सात विकेट पर 134 रन ही बना सकी. कोरोना वायरस महामारी के कारण आठ महीने निलंबित रहने के बाद टूर्नामेंट का नॉकआउट चरण खेला गया. बाबर 473 रन के साथ टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोर रहे। लाहौर कलंदर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और टीम ने 20 ओवर में सात विकेट पर 134 रन बनाए। तमीम इकबाल ने 35 और फखर जमां ने 27 रनों की पारी खेली।

इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी निभाई। कराची किंग्स के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की और लाहौर कलंदर्स के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का जरा भी मौका नहीं दिया। दोनों सलामी बल्लेबाजों के अलावा और कोई बल्लेबाज 20 रनों तक भी नहीं पहुंचा। वकस मकसूद अरशद इकबाल और उमैद आसिफ ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कप्तान इमाद वसीम ने एक विकेट लिया। जवाब में कराची किंग्स ने 18.4 ओवर में पांच विकेच गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बाबर आजम को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
Herald