

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2020 के पहले क्वालिफायर में 5 नवंबर की रात मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 57 रन से हरा दिया। इसके साथ ही उसने फाइनल में जगह बनाई। मुंबई इंडियंस छठी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची है। दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 200 रन बनाए।

जवाब में दिल्ली की टीम आठ विकेट पर 143 रन ही बना पाई। दिल्ली के तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्टजे (Anrich Nortje) की मुंबई के बल्लेबाजों ने जमकर पिटाई की। नॉर्टजे ने अपने चार ओवर में 50 रन लुटाए और सूर्यकुमार यादव का विकेट चटकाया। सूर्यकुमार को आउट करने के बाद नॉर्टजे उनके सेलिब्रेशन को कॉपी करते दिखाई दिए। रोहित शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव पारी के दूसरे ओवर में ही बल्लेबाजी करने उतरे और उन्होंने क्विंटन डिकॉक के साथ मिलकर 62 रन जोड़े।
डिकॉक के आउट होने के बाद भी सूर्यकुमार ने रनगति को लगातार बनाए रखा और अपना अर्धशतक पूरा किया। दिल्ली की तरफ से पारी का 12वां ओवर करने आए एनरिच नॉर्टजे और इस ओवर की शुरुआती चार गेंदों में मुंबई के बल्लेबाज ने एक चौका लगाया। ओवर की पांचवीं बॉल को सूर्यकुमार पुल के चक्कर में डैनियल सैम्स को कैच दे बैठे और आउट हो गए। सूर्यकुमार का विकेट लेने के बाद एनरिच नॉर्टजे उनके 'मैं हूं ना' सेलिब्रेशन को कॉपी करते नजर आए।
Herald