

स्पोर्ट्स डेस्क। वुमन्स टी-20 चैलेंज यानि महिलाओं के IPL में वेलोसिटी ने सुपरनोवाज को 5 विकेट से हरा दिया। मिताली राज की कप्तानी वाली टीम ने लीग में पहली बार हरमनप्रीत की टीम को शिकस्त दी है। इससे पहले टूर्नामेंट में दोनों के बीच 2 मैच खेले गए। सभी में वेलोसिटी को हार मिली। वेलोसिटी की कप्तान मिताली राज ने सुपरनोवाज के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर सुपरनोवाज ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 126 रन बनाए।

सुपरनोवाज की ओर से चमारी अटापट्टू ने 44, हरमनप्रीत कौर ने 31, शशिकला सिरीवर्धने ने 18 और प्रिया पुनिया ने 11 रन बनाए थे। एकता बिष्ट ने वेलोसिटी के लिए चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट झटके। इसके अतिरिक्त जहाँआरा आलम और लीघ कास्पेरेक ने दो-दो खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। वेलोसिटी ने 19.5 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 129 रन बनाए और इस तरह से उसने इस लीग के पहले मुकाबले में सुपरनोवाज को पांच विकेट से हरा दिया।

वेलोसिटी की तरफ से शिखा पांडे 02 गेंद पर 02 और सुन लूस 21 गेंद पर 37 रन बनाकर नाबाद रहीं। इन दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 06 गेंदों में 13 रनों की अटूट साझेदारी हुई। वेलोसिटी की प्लेइंग इलेवन में डेनिले वाइट, सुन लूस, लेग कास्पेरेक और जहांआरा आलम विदेशी खिलाड़ी रहे। वहीं, सुपरनोवाज की टीम में चमारी अटापट्टू, शशिकला श्रीवर्धने, शकीरा सैल्मन और अयाबोंगा शामिल रहे।
Herald