

स्पोर्ट्स डेस्क। सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी टूर्नामेंट शुरू होने से पहले मुंबई टीम के बल्लेबाजों ने कोहराम मचा रखा है. पहले यशस्वी जायसवाल और अब सूर्यकुमार यादव ने चौके छक्कों की बारिश कर दी. हालांकि बल्लेबाजों के तूफान के कारण मुंबई गेंदबाजों को लेकर परेशान नजर आने लगी है और वो भी सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी के बाद तो गेंदबाजों ने मुंबई की चिंता बढ़ा दी है. सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी टूर्नामेंट से जनवरी में कोरोना के बाद बीसीसीआई का घरेलू सीजन शुरू होगा. इस टूर्नामेंट के लिए लगभग सभी राज्यों की एसोसिएशन ने अपनी संभावित टीमों का ऐलान भी कर दिया है और अब तैयारियां भी शुरू कर दी है.

टूर्नामेंट से पहले मुंबई टीम ने अभ्यास मैच में मैदान पर बल्ले और गेंद दोनों से अपनी तैयारी दिखाई. अभ्यास मैच के पहले दिन जहां सूर्यकुमार ने 31 गेंदों पर नाबाद 59 रन की पारी खेली , वहीं दूसरे दिन उन्होंने 49 गेंदों पर 123 रन की तूफानी पारी खेली यानी उन्होंने अभ्यास मैच में कुल 80 गेंदों पर 18 चौके और 11 छक्के लगाए. दूसरे दिन सूर्यकुमार रिटायर्ड हर्ट हुए. अभ्याय मैच के दूसरे दिन अर्जुन तेंदुलकर सूर्यकुमार के निशाने पर आ गए और सूर्यकुमार ने उनके एक ही ओवर में 21 रन जड़ दिए.
इस बल्लेबाज ने अर्जुन के एक ही ओवर में 6,4,3,4,4,1 रन बनाए. उन्होंने 44 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया था. वहीं अगर अभ्यास मैच में अर्जुन के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने पहले दिन 4 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट, जबकि दूसरे दिन 4 ओवर में 33 रन देकर एक विकेट लिए. अभ्यास मैच के पहले दिन मुंबई के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने बल्ले से कोहराम मचाया था और तूफानी शतक जड़ दिया था. यशस्वी ने 49 गेंदों पर नाबाद 103 रन की पारी खेली.
Herald