

स्पोर्ट्स डेस्क। केपटाउन के आलीशान होटल में कोविड-19 मामले पाए जाने के बाद इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज रद्द कर दी गई है. दोनों टीमें इसी होटल में ठहरी थीं. दोनों टीमों में कुछ सदस्य संक्रमित हैं. होटल स्टाफ के दो सदस्य भी इस बीमारी की चपेट में आ गए हैं. सीरीज रद्द करने का फैसला इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (CSA) ने मिलकर किया. दोनों बोर्ड ने बयान जारी कर कहा, ‘दोनों टीमों के खिलाड़ियों का मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला किया गया.

यह दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट के लिए शर्मसार करने वाली घटना है जो कि केपटाउन के होटल को जैव सुरक्षित बनाए रखने में नाकाम रहा. नवंबर के मध्य में शुरू हुए दौरे के दौरान दक्षिण अफ्रीका के 3 खिलाड़ी पॉजिटिव पाए गए थे और माना जाता है कि इनमें से 2 ने जैव सुरक्षित वातावरण में प्रवेश किया था.

सीरीज का पहला मैच शुक्रवार को खेला जाना था, लेकिन मैच की सुबह दक्षिण अफ्रीका के एक खिलाड़ी को कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया, जिसके कारण उसे रविवार तक स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद पहला वनडे रविवार को रद्द कर दिया क्योंकि पता चला कि होटल स्टाफ के दो सदस्य भी कोविड-19 से संक्रमित हैं. इसके बाद इंग्लैंड की टीम ने नए सिरे से परीक्षण कराए.
Herald