

स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट्स के बेताज बादशाह और टीम इंडिया के कैप्टन विराट कोहली अपनी शानदार बैटिंग के लिए जाने जाते हैं. विराट कोहली का एग्रेशन क्रिकेट के मैदान पर देखते ही बनता है और क्रिकेट फैन्स उनके एग्रेशन को खूब पसंद भी करते हैं. विराट कोहली का नाम इस वक्त दुनियाभर के सबसे अमीर क्रिकेटरों में शुमार है. कोरोना वायरस महामारी के बावजूद वो इस समय सबसे ज्यादा कमाने वाले क्रिकेटर हैं। अच्छी-खासी ब्रैंड वैल्यू की वजह से कई कंपनियां उन्हें अपने साथ जोड़ने की कोशिश करती हैं। हालांकि इसके पीछे उनकी मेहनत और संघर्ष हैं जिसकी वजह से अधिकतर युवा क्रिकेटर उन्हें अपना रोल मॉडल मानते हैं। विराट लग्जरी कारों के शौकीन हैं और उनके पास कई लग्जरी कारों का कलेक्शन है। कोहली काफी समय से ऑडी कार के ब्रांड एम्बेसेडर हैं। उनकी पास भी कई ऑडी कार हैं। उनके द्वारा इस्तेमाल की गई एक ऑडी कार ऐसी भी है जो महाराष्ट्र के एक पुलिस स्टेशन में खड़ी है।

आपको बता दें कि विराट किसी तरह के अपराध में शामिल नहीं हैं और यह कार किसी अन्य कारण की वजह से पुलिस स्टेशन में खड़ी है। दरअसल, जब ऑडी इंडिया ने नया R8 मॉडल लॉन्च किया था तब भारतीय कप्तान ने अपने द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे पुराने मॉडल को बेचने का फैसला किया था। यह 2012 की ऑडी R8 थी। साल 2016 में विराट ने एक ब्रोकर के जरिए सागर ठक्कर नाम के व्यक्ति को अपनी ऑडी कार बेच दी थी।
'कारटोग' वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, सागर बाद में एक घोटाले में शामिल पाए गए, जिसके चलते उनकी कार को पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया था। फिलहाल उसी कार पर महाराष्ट्र के पुलिस स्टेशन में धूल और गंदगी जम रही है। सागर ठक्कर ने ये कार गर्लफ्रेंड को गिफ्ट देने के लिए विराट से खरीदी थी। कॉल सेंटर घोटाले में मुंबई पुलिस ने उनकी संपत्तियों पर छापा मारा और ऑडी आर 8 को जब्त कर लिया। हालांकि विराट कोहली ने अच्छी तरह से पेपर वर्क करवाया था जिससे उन्हें इस मामले में किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। इस कार के साथ विराट कोहली ने फोटो भी शेयर किया था जो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ।
Herald