

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआत की। इस मुकाबले में रवींद्र जडेजा को बल्लेबाजी के दौरान सिर पर गेंद लगी थी। चोट की वजह से जडेजा की जगह कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर युजवेंद्र चहल को टीम में शामिल किया गया। पहले टी20 मैच में मिली जीत के बावजूद पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग कोहली के टीम सिलेक्शन से नाखुश दिखे।

सहवाग ने श्रेयस अय्यर को टीम से बाहर किए जाने पर सवाल उठाए और कहा कि उनका टी20 फॉर्म पिछले कुछ सीरीज में कमाल का रहा था। सोनी स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत करते हुए सहवाग ने कहा, 'अगर आप श्रेयस अय्यर के बारे में बात करेंगे, तो उनका प्रदर्शन पिछले टी20 सीरीज में शानदार रहा था, तो किस वजह के चलते आपने उनको इस मैच में नहीं खिलाया।

क्या इसका कोई कारण था? मुझे नहीं लगता कि श्रेयस अय्यर के पास इतनी हिम्मत होगी कि वह जा कर पूछ सके कि उनको क्यों नहीं खिलाया गया। मैं एक चीज और कहूंगा, सारे नियम सबके लिए लागू होते हैं सिर्फ विराट कोहली को छो़ड़कर, उनके ऊपर कोई नियम लागू नहीं होता है। ना उनके बैटिंग ऑर्डर बदलता है, ना ही खराब फॉर्म के होने के समय उनको ब्रेक दिया जाता है। यह गलत है।
Herald