

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने मंगलवार के मेलबर्न टेस्ट के चौथे दिन मेजबान ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर चार मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी पा ली है। मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था और पहली पारी में महज 195 रन बना सका। जवाब में भारत ने पहली पारी में 326 रन बनाए। भारत की तरफ से कप्तान अजिंक्य रहाणे ने शानदार शतक जड़ते हुए 112 रन बनाए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 200 रनों पर सिमटी और भारत ने दो विकेट पर 70 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस मैच में भारत की जीत के साथ ही इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन की वो भविष्यवाणी भी गलत साबित हो गई, जिसमें उन्होंने कहा था कि टीम इंडिया के खिलाफ कंगारू टीम 4-0 से जीत दर्ज करेगी।

माइकल वॉन ने ट्वीट करते हुए लिखा, ''अगर इंग्लैंड को भी भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी टेस्ट सीरीज जैसी पिचें मिल गईं तो उनके पास एशेज सीरीज जीतने का बेहतरीन मौका रहेगा। अगर सीरीज के अगले मैच भी मेलबर्न में होते हैं तो टीम इंडिया के पास सीरीज जीतने के अच्छे चांस हैं, लेकिन मैं सोचता हूं कि ऑस्ट्रेलिया टीम टेस्ट सीरीज में जबरदस्त वापसी करेगा और सीरीज 3-1 के अंतर से अपने नाम करेगा।

बता दें कि टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले पूर्व इंग्लिश कप्तान माइकल वॉन ने भविष्यवाणी करते हुए कहा था कि अगर टीम इंडिया एडिलेड में पहला मैच हार जाती है तो उसे टेस्ट सीरीज में 0-4 के अंतर से हार का सामना करना पड़ेगा। वहीं भारत-ऑस्ट्रेलिया का दौरा शुरू होने से पहले उन्होंने कहा था कि विराट कोहली की टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सभी तीनों फॉर्मेट में हारेगी। इस दौरे की शुरुआत वनडे सीरीज के साथ हुई थी जिसे बेशक मेजबान ऑस्ट्रेलिया टीम ने 2-1 के अंतर से इसे अपने नाम किया था, लेकिन वनडे सीरीज के बाद टी-20 सीरीज खेली गई, जिसमें टीम इंडिया ने वनडे सीरीज का बदला लेते हुए सीरीज को 2-1 के अंतर से जीता। यानी वॉन की अब तक दो बार भारत के लिए की गई भविष्यवाणी गलत साबित हो चुकी है।
Herald