

स्पोर्ट्स डेस्क। बॉक्सिंग-डे टेस्ट जीतकर भारत ने चार मैच की सीरीज 1-1 से बरबरी पर खड़ी कर दी। अब श्रृंखला का अगला मुकाबला सात जनवरी से सिडनी में होना है। मेलबर्न में पांच गेंदबाजों को लेकर उतरने की भारत की रणनीति कारगर रही, लेकिन अगले टेस्ट में अजिंक्य रहाणे की टीम के सामने चयन की दुविधा होगी खासकर रोहित शर्मा की वापसी के बाद पारी की शुरूआत को लेकर कठिन फैसला लेना होगा।

सुनील गावस्कर चाहते हैं कि 7 जनवरी से सिडनी में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल ओपन करें। रोहित शर्मा तीसरे टेस्ट के लिए टीम के साथ जुड़ जाएंगे और उनका टीम में शामिल होना भारत के लिए काफी अच्छा होगा साथ ही उनके आने से टीम का मनोबल और उंचा होगा। हालांकि रोहित को टीम में लाने के लिेए किसी एक खिलाड़ी को ड्रॉप करना होगा। सुनील गावस्कर का कहना है कि अगर रोहित शर्मा की एंट्री प्लेइंग इलेवन में होती है तो शुभमन गिल को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए और हनुमा विहारी को टीम से ड्रॉप किया जाना चाहिए।
एक स्पोर्ट्स चैनल से बात करते हुए गावस्कर ने कहा कि, मयंक और रोहित शर्मा को ओपनिंग करनी चाहिए जबकि तीसरे टेस्ट के लिए विहारी को टीम से बाहर किया जाना चाहिए। पिछले दो टेस्ट मैचों में मयंक अग्रवाल और हनुमा विहारी ने कुछ खास नहीं किया है, लेकिन गावस्कर ने मयंक अग्रवाल को विहारी के उपर तरजीह दी है मयंक ने दो टेस्ट मैचों की चार पारियों में 31 रन जबकि विहारी ने तीन पारियों में कुल 45 रन बनाए हैं। गावस्कर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पैनी निगाह रखे हुए हैं और वो कुछ भी गलत देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया जरूर देते हैं।
Herald