Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

पृथ्वी शॉ के खराब प्रदर्शन के बाद वसीम जाफर ने अपने अंदाज में किया उन्हें सपोर्ट

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में आठ विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। एडिलेड में खेला गया यह डे-नाइट मैच मात्र तीन दिन में ही सिमट गया। इस मैच में भारत ने अपने टेस्ट इतिहास का न्यूनतम स्कोर (36) बनाया। टीम इंडिया को इस स्थिति में लाने में पैट कमिंस और जोश हेजलवुड सबसे ज्यादा जिम्मेदार रहे, जिन्होंने दूसरी पारी में नौ विकेट लिए। भारत के लिए इस मैच में सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ दोनों पारियों में सस्ते में आउट हो गए। उनके इस प्रदर्शन पर फैन्स उन्हें टीम से बाहर निकालने की मांग कर रहे हैं। इस बीच, टीम के पूर्व ओपनर वसीम जाफर ने उन्हें अपने अंदाज में सपोर्ट किया है।


जाफर ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर एक फोटो शेयर किया है। इसमें उन्होंने लिखा है कि, ''एक लंबी सांस लो...यह एक सिर्फ खराब गेम था, खराब जिंदगी नहीं।'' उन्होंने इस पोस्ट को पृथ्वी शॉ को टैग भी किया है। जाफर के ऐसा करने के बाद फैन्स उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं जो एक युवा क्रिकेटर के सपोर्ट में उतरे हैं।बता दें कि पृथ्वी शॉ पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में लगभग एक ही तरह से ऑउट हो हुए थे, जिसके बाद उनकी बल्लेबाजी शैली को लेकर प्रश्न खड़ा किया जाने लगा। कई पूर्व क्रिकेटरों ने उनकी जगह दूसरे टेस्ट मैच में शुभमन गिल को मौका दिए जाने की बात कही। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज रिकी पोंटिंग ने पृथ्वी शॉ की बल्लेबाजी पर कमेंट करते हुए कहा था कि 'वह अंदर आती हुई गेंदों पर सहज नहीं हो पा रहे हैं और ऑस्ट्रेलियाई पेस अटैक ने उनकी इस कमी को पहचान लिया है।


बता दें कि पृथ्वी शॉ काफी लंबे समय से रनों के लिए जूझते नजर आ रहे हैं। इस साल यूएई में खेले गए आईपीएल 2020 में भी दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेलते हुए उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। इसके अलावा भारतीय टीम के पिछले न्यूजीलैंड दौरे पर भी वो बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए थे। प़ृथ्वी शॉ ने रविवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक मोटिवेशनल मैसेज शेयर किया। उन्होंने लिखा, ''अगर कभी-कभी लोग आपको कुछ करने के लिए उकसाते हैं, तो इसका मतलब है कि आप ऐसा कर सकते हैं, लेकिन वे ऐसा नहीं कर सकते।" इस मैसेज के जरिए पृथ्वी ने अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है।

Herald