

स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में शर्मनाक हार के बाद लोग लगातार टीम इंडिया की बल्लेबाजी पर सवाल खड़े कर रहे हैं लेकिन आपको बता दें भारतीय टीम की फील्डिंग भी बेहद खराब होती जा रही है. जब से टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर कदम रखा है उसने 7 मैचों में लगभग 20 कैच टपका दिये हैं. टीम इंडिया की फील्डिंग को लेकर मोहम्मद कैफ ने टीम इंडिया पर जमकर निशाना साधा. मोहम्मद कैफ ने कहा कि टीम इंडिया जिस तरह बल्लेबाजी और गेंदबाजी का अभ्यास करती है, उतना महत्व वो फील्डिंग को नहीं देती.

मोहम्मद कैफ ने बॉक्सिंग डे टेस्ट से पहले कहा कि टीम इंडिया की फील्डिंग पिछले कुछ महीनों में लगातार खराब हुई है. उन्होंने कहा, 'हमने कुछ बेहतरीन कैच देखे हैं लेकिन अगर कोई कहेगा कि भारतीय फील्डिंग सुधर रही है तो मैं उसपर टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा क्योंकि पिछले 5 से 6 महीनों में भारत ने खराब फील्डिंग की है. उन्हें बहुत ज्यादा सुधार की जरूरत है. मोहम्मद कैफ ने कहा, 'खराब फील्डिंग कम ट्रेनिंग का नतीजा है. मेरा मानना है कि प्लेइंग इलेवन में फील्डिंग के आधार पर भी चयन होना चाहिए. विराट कोहली भी कैच छोड़ रहे हैं, हर कोई कैच छोड़ रहा है.
लॉकडाउन के बाद खिलाड़ियों की फील्डिंग का स्तर गिरा है. हालांकि तीन-चार महीने बाद भी ऑस्ट्रेलिया में कैच छूट रहे हैं. अगर आप मेहनत करेंगे तो मैदान पर नतीजा दिखेगा. मैंने देखा है कि खिलाड़ी फील्डिंग पर कम मेहनत करते हैं वो सिर्फ बल्लेबाजी और गेंदबाजी पर ही ध्यान देते हैं. बता दें मोहम्मद कैफ की बात बिलकुल भी गलत नहीं है. एडिलेड टेस्ट में टीम इंडिया ने पांच कैच टपकाए. तीन मैचों की टी20 सीरीज में भारत ने 12 मौके छोड़े. वनडे सीरीज में भारत ने 7 कैच छोड़े. न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज और वनडे सीरीज में भारत ने 6-6 कैच टपकाए. साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज में भी टीम इंडिया ने 6 कैच छोड़े. 2018 इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया ने 10 कैच छोड़े.
Herald