

स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज का विजयी आगाज नहीं कर पाई. पहले टेस्ट मैच में भारत को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. अब टीम की नजर बाकी बचे तीन मैचों पर है. मगर इससे पहले टीम इंडिया को मोहम्मद शमी के रूप में बड़ा झटका लगा है. दरअसल पहले टेस्ट की दूसरी पारी में शमी चोटिल हो गए थे, जिस वजह से उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शमी बाकी बचे तीन टेस्ट मैचों से बाहर हो गए हैं. ऐसे में मोहम्मद सिराज 26 दिसंबर से शुरू होने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में उनकी जगह ले सकते हैं. स्पोर्ट्स टुडे के अनुसार सिराज को बॉक्सिंग डे टेस्ट में डेब्यू का मौका मिल सकता है. दूसरा मुकाबला मेलबर्न में खेला जाएगा. सिराज ने प्रैक्टिस मैचों में अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया था.

दरअसल शनिवार को दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए शमी के दाहिने हाथ पर पैट कमिंस की बाउंसर लग गई थी. जिसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा. एएनआई की खबर के अनुसार शमी बल्ला भी नहीं पकड़ पा रहे. शमी के चोटिल होने के कारण भारतीय पारी 21.2 ओवर में महज 36 रन पर समाप्त हो गयी थी. टेस्ट इतिहास में भारत का यह न्यूनतम स्कोर है. शमी को इसके बाद स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया.

शमी के चोटिल होने के बाद टीम के मेडिकल स्टाफ उनकी मदद के लिए मैदान पर पहुंचे, लेकिन कुछ कोशिश के बाद उन्होंने ड्रेसिंग रूम वापस लौटना सही समझा जिससे भारतीय पारी 21.2 ओवर मे सिमट गयी. टीम के फिजियोथेरेपिस्ट ने दर्द कम करने वाले स्प्रे का इस्तेमाल किया लेकिन वह सहज नहीं हुए और बल्लेबाजी नहीं करने का फैसला किया. चार मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम अब 0-1 से पिछड़ गयी है. दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला 26 दिसंबर (बॉक्सिंग डे) से मेलबर्न में खेला जाएगा.
Herald