

स्पोर्ट्स डेस्क। बीसीसीआई की होने वाली सालाना बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज चेतन शर्मा बीसीसीआई की सीनियर राष्ट्रीय चयन समिति के नये अध्यक्ष होंगे। बीसीसीआई चयनकर्ता चेतन शर्मा, एबे कुरूविला और देबाशीष मोहंती बीसीसीआई सीनियर चयन समिति के नये सदस्य होंगे। इसके साथ ही बीसीसीआई एजीएम की बैठक में एक और बड़ा फैसला लिया गया है। अब आईपीएल में दो नई टीमें जुडेंगी। पिछले काफी दिनों से इस पर कयास लगाया जा रहा था लेकिन आज बीसीसीआई की सालाना बैठक में इस पर मुहर लगा दी गई है। लेकिन दो नई टीमें 2021 में नहीं बल्कि 2022 में होने वाले आईपीएल का हिस्सा होंगी।

बीसीसीआई की अहमदाबाद में 89वीं सालाना आम बैठक के मौके पर ही नए पैनल का गठन किया गया, जिसमें शर्मा ने उत्तरी क्षेत्र से मनिंदर सिंह और विजय दहिया को पछाड़ दिया. चेतन शर्मा ने कहा, ‘भारतीय क्रिकेट की एक बार फिर से सेवा करने का मौका मिलना निश्चित रूप से मेरे लिए सम्मान की बात है. मैं ज्यादा नहीं बोलता क्योंकि मेरा काम ही बोलेगा.’ उन्होंने कहा, ‘मैं इस मौके के लिए केवल बीसीसीआई का शुक्रिया करता हूं.

पूर्व मध्यम गति के गेंदबाज कुरुविला को मुंबई क्रिकेट संघ के बड़े अधिकारियों का समर्थन प्राप्त था, उन्हें पश्चिम क्षेत्र से अजीत अगरकर पर तरजीह दी गई. ओडिशा के पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मोहंती पिछले दो वर्षों से जूनियर राष्ट्रीय चयनकर्ता के तौर पर काम कर रहे थे और केवल दो साल के लिए समिति में बने रहेंगे. चयन पैनल में पूर्व भारतीय खिलाड़ी सुनील जोशी (दक्षिण क्षेत्र) और हरविंदर सिंह (मध्य क्षेत्र) भी शामिल हैं. बीसीसीआई सचिव जय शाह ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘समिति ने वरिष्ठता (टेस्ट मैचों की कुल संख्या) के आधार पर सीनियर पुरुष चयन समिति के मुख्य चयनकर्ता के लिए चेतन शर्मा की सिफारिश की.
Herald