

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की रोमांचक टेस्ट सीरीज जारी है। दो मैच खत्म होने के बाद सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। सीरीज का अगला और तीसरा मुकाबला सिडनी में खेला जाना है। सीरीज का आकर्षण रविचंद्रन अश्विन और स्टीव स्मिथ के बीच की जंग भी रही है। इस जंग पर दुनिया के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने बताया कि आखिर क्यों यह सीनियर ऑफ स्पिनर इस बल्लेबाज पर दबदबा बनाने में सफल रहा। उन्होंने कहा कि पहले टेस्ट में स्मिथ आर्म बॉल पर आउट हुए या आप इसे सीधी गेंद कह सकते हैं जिसे अश्विन अलग तरह से फेंकते हैं। ऑफ स्पिनर की सीधी गेंद सतह पर तेजी से निकलती है।

तेंदुलकर ने बताया कि किस तरह अश्विन को टर्न और उछाल मिला। उन्होंने कहा कि दूसरे टेस्ट में गेंद तेजी से नहीं निकली लेकिन अंगुलियां गेंद के ऊपर थी जिसके कारण उछाल और टर्न मिला। तेंदुलकर ने कहा कि स्मिथ ने नियमित ऑफ ब्रेक समझकर सामान्य फ्लिक खेला जो कोई भी बल्लेबाज करता और इसके लिए फील्डर वहां मौजूद था।इस दिग्गज बल्लेबाज ने कहा कि अश्विन ने इस गेंद और विकेट के लिए काफी अच्छी योजना बनाई थी। दोनों विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं, इसलिए किसी का दिन बेहतर होगा और अब तक अश्विन पहले दो टेस्ट में विजेता रहा है। तेंदुलकर ने जीत में तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ जसप्रीत बुमराह के योगदान पर कहा कि तेज गेंदबाजी विभाग में, बुमराह ने आक्रमण के अगुआ के रूप में अधिक जिम्मेदारी ली और जब भी खिलाड़ी निराश थे तो उन्होंने और कड़ा प्रयास किया। यह चैंपियन गेंदबाज का संकेत है।

भारत के लिए अच्छी बात यह है कि टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजों के खराब फॉर्म से जूझ रही टीम को अब स्टार ऑलराउंडर रोहित शर्मा की सेवाएं मिलेंगी जो पिछले लंबे समय से सिडनी में क्वारंटाइन हो रखे थे। रोहित बुधवार को टीम इंडिया से जुड़े, जिसमें उन्होंने टीम के सभी खिलाड़ियों और सपोर्टिंग स्टाफ से मुलाकात की। इसका वीडियो बीसीसीआई ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। रोहित को तीसरे टेस्ट मैच में मयंक अग्रवाल की जगह प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने की उम्मीद है।
Herald