Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

टीम इंडिया की हार पर विराट-अनुष्का की ट्रोलिंग पर भड़के प्रज्ञान ओझा, ट्रोलर्स को जमकर लताड़ा

स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा कप्तान विराट कोहली के सपोर्ट में उतरे हैं। बॉर्डर-गावस्कर सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेलने के बाद विराट पैटरनिटी लीव पर स्वदेश लौट रहे हैं, जिसको लेकर कुछ लोगों ने विराट की आलोचना भी की है। सीरीज के पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया दूसरी पारी में महज 36 रन ही बना सकी, जो टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया का सबसे कम स्कोर भी है। इस मैच में भारत को आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा और इसके बाद से ही विराट की पैटरनिटी लीव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से विराट ने पैटरनिटी लीव मांगी थी और बोर्ड ने उन्हें इस खास मौके के लिए पैटरनिटी लीव दी। जनवरी में विराट और अनुष्का पहली बार पैरेंट्स बनने वाले हैं।


ओझा ने स्पोर्ट्स टुडे के यूट्यूब वीडियो में कहा, 'हमें किसी की निजी जिंदगी का सम्मान करना चाहिए। जब कोई कुछ फैसला लेता है, यह उसका अपना फैसला होता है। वह (विराट) इसको लेकर एकदम साफ थे कि उन्हें इस खास मौके पर अपनी पत्नी के साथ होना है और उन्हें सपोर्ट करना है और उन्होंने यह मैसेज दौरे से पहले ही बोर्ड को दे दिया था।पहला टेस्ट मैच हारने के बाद अचानक से लोग अनुष्का शर्मा को भी ट्रोल करने लगे। ओझा इसको लेकर काफी नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि कोई भी कैसे किसी के परिवार को इन सब में कैसे खींच सकता है। उन्होंने कहा, 'मैच हारने के बाद कप्तान या किसी और खिलाड़ी के खिलाफ बकवास होने लगती है और उनके परिवार को इसमें खींचा जाता है। यह काफी चिंता वाली बात है। आप कैसे इन सब में किसी के परिवार खींच सकते हैं? उनकी प्रोफेशनल लाइफ में उनकी पर्सनल लाइफ को मत खींचिए। यह दोनों चीजें अलग-अलग होनी चाहिए।


उन्होंने आगे कहा, 'ऐसा नहीं है कि वह (विराट) सीरीज को बीच में छोड़कर आना चाहते हैं, वह इस पर पहले ही फैसला ले चुके हैं। और बीसीसीआई ने उन्हें इजाजत दी है। तो, अब इस पर सवाल क्यों उठ रहे हैं? हां, हम सभी दुखी हैं, सभी पहले मैच के बाद निराश हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम किसी को भी ट्रोल कर सकते हैं।' भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाना है, जिसमें अजिंक्य रहाणे टीम की कमान संभालेंगे।



Herald