

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कल से यानी 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाएगा. बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच से एक दिन पहले टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है. इस मैच में नियमित कप्तान विराट कोहली की जगह अजिंक्य रहाणे टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे. युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को टेस्ट में डेब्यू का मौका मिला है. शुभमन गिल को पृथ्वी शॉ की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है. हैरान वाली बात ये रही कि केएल राहुल को शानदार फॉर्म में होने के बावजूद मेलबर्न टेस्ट में नहीं चुना गया. केएल राहुल विराट की गैरमौजूदगी में सबसे मजबूत बल्लेबाज हैं.

भारत की ओर से दूसरे टेस्ट में शुभमन गिल को डेब्यू करने का मौका मिला है. शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू करने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के भारतीय खिलाड़ी हैं. गिल के अलावा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी डेब्यू कर रहे हैं. बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में अजिंक्य रहाणे कप्तानी करने जा रहे हैं. इसके अलावा, टीम में रविंद्र जडेजा भी शामिल हुए हैं. साथ ही विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा की जगह ऋषभ पंत को टीम में जगह दी गई है. बता दें कि साल 2001 के बाद यह तीसरा मौका होगा जब दो या उससे अधिक भारतीय खिलाड़ी विदेशी जमीन पर एक साथ डेब्यू करेंगे.
21 साल और 108 दिन के शुभमन गिल दूसरे ऐसे भारतीय बल्लेबाज होंगे जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में अपना डेब्यू करेंगे. इससे पहले इरफान पठान ने 19 साल और 46 दिन की उम्र में अपना डेब्यू किया था. भारतीय सेलेक्टर्स ने उम्मीद जताई है कि शुभमन गिल अपने डेब्यू मैच में बेहतर परफॉर्म करेंगे. उन्हें इसबार पृथ्वी शॉ की जगह टीम में शामिल किया गया है. बता दें कि पहले मैच में पृथ्वी शॉ का प्रदर्शन बेहद ख़राब रहा था.
Herald