

स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलियाई टीम के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ दूसरे टेस्ट मैच के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं. ऑस्ट्रेलियाई टीम का खेमा अपने इस स्टार बल्लेबाज की फिटनेस को लेकर चिंतित है. स्मिथ पीठ दर्द की समस्या से जूझ रहे हैं. लेकिन इस 31 वर्षीय स्टार बल्लेबाज ने उम्मीद जताई है कि वह बॉक्सिंग डे टेस्ट से पहले फिट हो जाएंगे.स्मिथ ने कहा कि वह पीठ दर्द से जूझ रहे हैं और एक वक्त ऐसा लग रहा था कि वह एडिलेड में आयोजित हुए पहले टेस्ट मैच में भी नहीं खेल पाएंगे. लेकिन मैच से पहले वह खेलने लायक स्थिति आ गए थे. उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया, ‘मैं इस स्थिति में ज्यादा दिन नहीं रह सकता. मैं जब खड़ा होता हूं और मूवमेंट कर रहा होता हूं तो दर्द नहीं होता लेकिन जब बैठता हूं तो दर्द महसूस होता है.

इस बल्लेबाज ने कहा, ‘मुझे यकीन है कि मैं दूसरे टेस्ट के लिए फिट हो जाउंगा.’ अगर यह खिलाड़ी मेलबर्न टेस्ट में नहीं खेल पाता है तो यह स्थिति भारतीय टीम के लिए थोड़ी राहत भरी हो सकती है. डेविड वॉर्नर का इस टेस्ट में खेल पाना पहले ही मुश्किल है. भारत की ओर से कप्तान विराट कोहली भी अब इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं. स्मिथ के न खेलने से दोनों टीमों के स्टार खिलाड़ी बाहर होंगे और मुकाबला एक बार फिर बराबरी का होगा.

इसके अलावा मेलबर्न में उनका औसत भी शानदार रहा है. यहां उन्होंने 63 के औसत से रन बनाए हैं. स्मिथ हर हाल में यह टेस्ट खेलना चाहते हैं. इसके लिए वह काफी मेहनत भी कर रहे हैं. भारत 4 टेस्ट की इस सीरीज में फिलहाल 0-1 से पीछे चल रहा है. मेलबर्न टेस्ट जीतकर वह सीरीज में वापसी करना चाहता है.
Herald