

स्पोर्ट्स डेस्क। विराट कोहली टीम इंडिया के कप्तान कब तक बने रहेंगे इसे लेकर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि, विराट कोहली जब तक चाहेंगे भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान बने रहेंगे। आपको बता दें कि विराट कोहली इन दिनों भारत में हैं और वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट मैच खेलने के बाद अपने बच्चे के जन्म के लिए भारत वापस लौट आए थे। उन्होंने बीसीसीआइ से पैटरनिटी लीव की मांग की थी जिसे स्वीकार कर लिया गया था। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी का जिम्मा उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे संभाल रहे हैं। रहाणे की कप्तानी में टीम इंडिया मेलबर्न में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन तक मेजबान टीम पर अपना दबदबा बनाए रखने में कामयाब रही है। 
भारत ने मैच के दूसरे दिन 5 विकेट पर 277 रन बना लिए थे और उसे 82 रन की बढ़त मिली थी और रहाणे ने शानदार शतक लगाया था। भारत के शुरुआती विकेट बेशक जल्दी गिर गए, लेकिन बाद में रहाणे ने जडेजा के साथ मिलकर टीम इंडिया की पारी को संभाल लिया। दोनों के बीच दूसरे दिन छठे विकेट से लिए नाबाद 104 रन की साझेदारी हुई थी। रिकी पोंटिंग ने कहा कि, अजिंक्य रहाणे ने सचमुच काफी अच्छी कप्तानी की है और वो एक कप्तान की तरह खेल रहे हैं। रहाणे विराट कोहली की गैरमौजूदगी में सचमुच कप्तानी पारी खेलना चाहते हैं वो टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा रन बनाना चाहते हैं और सबसे अच्छी बात ये है कि वो अपने देश को आगे ले जाने की कोशिश कर रहे हैं और उनकी टीम सीरीज में वापसी करना चाहती है।
वहीं विराट के बारे में रिकी ने कहा कि, विराट भारतीय टीम के कप्तान तब तक बने रहेंगे जब तक वो चाहेंगे, लेकिन अगर उन्होंने सोचा कि वो नीचे रहकर ज्यादा अच्छे खिलाड़ी बन सकते हैं तो यो वर्ल्ड क्रिकेट के लिए डरावनी बात है। उन्होंने कहा कि, मुझे विराट की कप्तानी पर कोई शक नहीं है, लेकिन अगर कभी कप्तानी को टुकड़ों में करने की बात आती है क्योंकि रहाणे अच्छा कर रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि विराट पर किसी भी तरह का कोई दवाब है, लेकिन अभी इंतजार करिए देखिेए क्या होता है।
Herald