

स्पोर्ट्स डेस्क। दुनिया में किसी भी महिला या पुरुष के लिए माता-पिता बनने का अहसास बड़ा ही अनमोल होता है। इस अहसास को कभी शब्दों से बयां नहीं किया जा सकता है। हर किसी के लिए पहली बार माता या पिता बनने का मौका सबसे विशेष होता है, जिसे वो कभी भूल नहीं सकता है। इस सुखद पल का अहसास भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली भी करने जा रहे हैं। ऐसे में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया है, जिसका समर्थन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ ने भी किया है और उनको पितृत्व अवकाश दिया है। ऐसा ही कुछ न्यूजीलैंड टीम के कप्तान केन विलियमसन के साथ भी है। विलियमसन भी पहली बार पिता बनने जा रहे हैं। ऐसे में उन्होंने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया है, जिसका समर्थन उनके क्रिकेट बोर्ड ने किया है।

केन विलियमसन ने पिछले शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि उनकी पत्नी दिसंबर के मध्य से दिसंबर के अंत तक पहले बच्चे को जन्म देने वाली हैं और वह इस बारे में निर्णय लेंगे कि क्या कोई मैच उस समय के करीब है। रविवार को हैमिल्टन में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में पारी और 134 रन से जीत दर्ज करने के बाद टीम के कोच गैरी स्टीड ने सोमवार को कहा कि विलियमसन को पितृत्व अवकाश के लिए बोर्ड ने हरी झंडी दे दी है।

कोच स्टीड ने कहा है, "सबसे खराब स्थिति में केन विलियमसन कुछ मैचों को मिस कर सकते हैं। एक पिता के रूप में, एक अभिभावक के रूप में, आपको अपने जीवन में एक बार अपने (पहले) बच्चे के जन्म के लिए वह अवसर मिलता है और मुझे पता है कि यह केन के लिए भी महत्वपूर्ण है। हम क्रिकेट खेलते हैं, ये महत्वपूर्ण है, लेकिन अन्य चीजें भी ज्यादा महत्वपूर्ण होती हैं। और वह ज्यादा महत्वपूर्ण है।
Herald