

स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया के खिलाफ ट्वेंटी-ट्वेंटी सीरीज 2-0 से गंवा चुकी मेजबान ऑस्ट्रेलिया के सामने तीसरे और आखिरी मुकाबले में सम्मान बचाने की चुनौती है. ऑस्ट्रेलियाई टीम को तीसरे और आखिरी ट्वेंटी-ट्वेंटी मुकाबले से पहले बड़ी राहत मिल सकती है. रिपोर्ट्स की मानें तो एरॉन फिंच की तीसरे मैच में वापसी हो सकती है और वह एक बार फिर से टीम की कमान संभालते हुए नज़र आएंगे. विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना ली है और अब वह मंगलवार को होने वाले सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच में 3-0 की क्लीप स्वीप करने के इरादे से उतरेगा। भारत ने इस सीरीज का कैनबरा में पहला मैच 11 रन से और सिडनी में दूसरा मैच छह विकेट से जीता।

भारत ने पहले मुकाबले में अपने 161 रन के स्कोर का बखूबी बचाव किया और दूसरे मैच में 195 रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। तीसरा मैच भी सिडनी में ही होना है। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया की जमीन पर दूसरी बार तीन मैचों की क्लीन स्वीप करने उतरेगी। भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया में 2015-16 में तीन मैचों की सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप की थी।
दोनों देशों के बीच 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया दौरे में तीन मैचों की पिछली सीरीज 1-1 से बराबर रही थी। भारत टी- 20 में लगातार 10 जीत हासिल कर चुका है। टीम इंडिया ने वेस्ट इंडीज को तीन, न्यूजीलैंड को पांच और ऑस्ट्रेलिया को दो मैच में हराया है। वह टी-20 में अफगानिस्तान के दूसरे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी करने से एक जीत दूर है। अफगानिस्तान ने 2018-19 में टी-20 में लगातार 12 जीत और 2016-17 में लगातार 11 मैच जीते थे।
Herald