

स्पोर्ट्स डेस्क। पार्थिव पटेल ने बुधवार को इंटरनैशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। हालांकि तब उन्होंने यह नहीं बताया था कि वह आगे क्या कुछ करने जा रहे हैं। लेकिन रिटायरमेंट के एक दिन बाद उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस ने अपने साथ जोड़ने का फैसला किया है। वह अब मुंबई इंडियंस के लिए नए खिलाड़ी तलाशेंगे।

18 साल लम्बे क्रिकेट करियर को अलविदा कहने के बाद पार्थिव पटेल अब मुंबई इंडियंस की टैलेंट स्काउट से जुड़ गए हैं। मुंबई इंडियंस ने अपने ट्विटर हैंडल से यह जानकारी साझा की। मुंबई इंडियन्स के मालिक आकाश अंबानी ने कहा कि वह पार्थिव के फ्रेंचाइजी से जुड़ने से खुश हैं. उन्होंने कहा, ‘‘जब वह मुंबई इंडियन्स की तरफ से खेला करते थे तब हमें उनकी क्रिकेट की समझ को जानने का मौका मिला था. उन्हें क्रिकेट का गहरा ज्ञान है और इससे मैं हमारे नयी प्रतिभा खोजने के कार्यक्रम में उनके योगदान के प्रति आश्वस्त हूं.” आकाश अंबानी ने लिखा, 'पार्थिव हमारी टीम और उसके DNA को अच्छी तरह से समझते हैं। उनके साथ मिलकर मुंबई इंडियंस को और बेहतर बनाएंगे। हम उनका अपने परिवार में स्वागत करते हैं।
पार्थिव पटेल 2015 और 2017 में आईपीएल विजेता मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं। वह इस साल के आईपीएल में राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर का हिस्सा थे। पार्थिव ने अपने ताजा बयान में रोहित शर्मा की तारीफ की थी। पार्थिव ने कहा था टी20 मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी रोहित को दे देनी चाहिए।
Herald