

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच में धीमी ओवर गति के लिए मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। आईसीसी मैच रैफरी डेविड बून ने यह जुर्माना लगाया। भारतीय टीम मंगलवार को मैच में निर्धारित समय में एक ओवर पीछे रह गई थी।आईसीसी ने बुधवार को एक बयान में कहा, 'आईसीसी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आचार संहिता की धारा 2.22 के तहत निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं कर पाने पर टीम पर प्रति ओवर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।

कप्तान विराट कोहली ने सजा स्वीकार कर ली लिहाजा मामले की औपचारिक सुनवाई नहीं की गई। मैदानी अंपायर रॉड टकर, गेरार्ड अबूड, टीवी अंपायर पॉल विल्सन और चौथे अंपायर सैम नोगास्की ने शिकायत की थी।

वैसे यह कोई पहला मौका नहीं है जब भारतीय टीम ने यह गलती की हो। ऑस्ट्रेलियाई दौरे की शुरुआत में ही हार झेलने के बाद धीमी ओवर गति के लिए 20 प्रतिशत का जुर्माना लगाया गया था। तब विराट सेना ने अपने 50 ओवर पूरे करने के लिए चार घंटे और छह मिनट लिए थे, जिसमें उसे 66 रन से हार का सामना करना पड़ा।
Herald