

स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिस गेल, शाहिद अफरीदी और ड्वेन ब्रावो जैसे दुनिया के टॉप क्रिकेटर 28 जनवरी से छह फरवरी के बीच होने चौथे अबुधाबी टी-10 टूर्नामेंट में भाग लेंगे। पूरा टूर्नामेंट जैद क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। लिमिटेड ओवरों के बेस्ट खिलाड़ियों में से एक गेल टीम अबुधाबी के आइकन खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरेंगे। वह अभी तक टी-20 में 1000 से अधिक छक्के लगा चुके हैं और ऐसे में सभी की निगाहें इस कैरेबियाई खिलाड़ी पर टिकी रहेंगी।

गेल ने इस टूर्नामेंट के होने पर कहा कि जितना छोटा मैच होता है वह उतना ही आकर्षक बन जाता है। मैं फिर से जैद क्रिकेट स्टेडियम में खेलने को लेकर उत्साहित हूं। अबुधाबी, गेल तूफान आ रहा है। गेल जहां टीम अबुधाबी का हिस्सा होंगे वहीं पाकिस्तान के पूर्व धुआंधार ऑलराउंडर और कप्तान शाहिद अफरीदी कलंदर्स के आइकन खिलाड़ी होंगे। इसके अलावा ड्वेन ब्रावो दिल्ली बुल्स, आंद्रे रसेल नॉर्दर्न वॉरियर्स और सुनील नारायण डेक्कन ग्लैडिएटर्स की तरफ से खेलेंगे।
जो अन्य प्रमुख खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे उनमें पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मलिक (मराठा अरेबियन्स), श्रीलंका के तिसारा परेरा (पुणे डेविल्स) और इसुरु उदाना (बांग्ला टाइगर्स) शामिल हैं। अबुधाबी टी-10 लीग 10 ओवरों का पहला टूर्नामेंट है जिसे इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) और एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड से मंजूरी मिली हुई है।
Herald