

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक रिश्तों की वजह से क्रिकेट के रिश्ते भी बहाल नहीं हो सकते हैं। भारत में अगले साल टी20 विश्व कप का आयोजन किया जाना है जिसमें खेलने के लिए पाकिस्तान खिलाड़ियों को वीजा की अनुमति चाहिए। इस मामले में पीसीबी बीसीसीआई से लिखित आश्वासन चाहता है लेकिन अब तक भारत की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया है। अब पीसीसी ने कहा है कि कोरोना की वजह से टी20 विश्व कप का भारत में होना पक्का नहीं है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ वसीम खान के मुताबिक कोरोना महामारी की वजह से भारत इस टूर्नामेंट के आयोजन को कराने में सक्षम नहीं है।

खान ने कहा कि आईसीसी के इस टूर्नामेंट का आयोजन भारत की बजाय यूएई में हो सकता है क्योंकि भारत में अभी भी इसके आयोजन को लेकर अनिश्चितता है। पीसीबी के सीईओ ने एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में कहा कि भारत में कोरोना की मौजूदा स्थिति को देखते हुए लगता नहीं है कि वहां अगले साल वर्ल्ड कप का आयोजन हो पाएगा। खान ने यह भी कहा कि अगले साल की शुरुआत में भारत अपने यहां इंग्लैंड की मेजबानी करने वाला है और उसके बाद आईपीएल का आयोजन, ऐसे में अप्रैल तक स्थिति ज्यादा साफ हो पाएगी। हालांकि खान ने यह भी दोहराया कि भारत में टी-20 विश्व कप के लिए पाकिस्तान टीम को वीजा जारी करने को लेकर पीसीबी जनवरी तक आईसीसी और बीसीसीआई से लिखित पुष्टि की प्रतीक्षा कर रहा था।
उल्लेखनीय है कि कोरोना की वजह से एक साल तक स्थगित होने के बाद आईसीसी ने बीसीसीआई को 2021 टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी दी है, जबकि ऑस्ट्रेलिया में इसका आयोजन 2022 में किया जाएगा।
Herald