

स्पोर्ट्स डेस्क। न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर कोरी एंडरसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है. कोरी एंडरसन ने अमेरिका की मेजर लीग में हिस्सा लेने के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा है. 30 साल के एंडरसन आखिरी बार साल 2018 में न्यूजीलैंड के लिए खेलते हुए दिखाई दिए थे.

29 साल के एंडरसन के नाम वनडे क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज शतक है. वह अमेरिका में मेजर लीग टी-20 क्रिकेट से शुरुआत करेंगे और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करेंगे. एंडरसन की मंगेतर अमेरिका की हैं और उनका नाम मैरी शामबर्गर है और उन्होंने कोविड-19 महामारी के बीच अधिकतर समय टेक्सस में ही बिताया है जहां उनकी मंगेतर रहती हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका की मंशा वनडे टीम का दर्जा पाने की है और इसलिए वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय क्रिकेटरों को शामिल करने की कोशिश कर रही है. पाकिस्तान के क्रिकेटर समी असलम और इंग्लैंड की विश्व विजेता टीम के खिलाड़ी लियाम प्लंकेट भी अमेरिका की रडार पर हैं. दक्षिण अफ्रीका के रस्टी थेरोन और डेन पीट ने पहले ही अमेरिका से खेलने का फैसला किया है. मेजर लीग टी-20 क्रिकेट को मंगलवार को एक बड़ी राहत मिली जब कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिकों ने इस लीग में निवेश का ऐलान किया. यह लीग 2022 से शुरू हो सकती है.
Herald