

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत हो चुकी है। भारतीय गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के दम पर पहली पारी के शुरुआती सत्र में भारत का पलड़ा भारी रहा। अश्विन और बुमराह ने मिलकर ऑस्ट्रेलिया को 38 रन पर ही तीन झटके दिए। इसी दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। मैच के 13वें ओवर में रविंद्र जडेजा और डेब्यूटेंट शुभमन गिल आपस में भिड़ गए।

दरअसल अश्विन के 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर मैथ्यू वेड ने आगे बढ़कर शॉट खेलना चाहा लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर हवा में उठ गई। वेड के मुश्किल कैच को पकड़ने के लिए अनुभवी ऑलराउंडर जडेजा ने मोर्चा संभाला और मिड ऑन की तरफ से अपनी बाईं ओर भागे। उन्होंने दूसरे खिलाड़ियों को भी कैच के लिए मना किया। हालांकि अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे शुभमन गिल भी मिड विकेट की तरफ से गेंद के पास पहुंच गए।
Almost disaster! But Jadeja held his ground and held the catch! @hcltech | #AUSvIND pic.twitter.com/SUaRT7zQGx
— cricket.com.au (@cricketcomau) December 26, 2020
एक वक्त ऐसा लगा कि दोनों खिलाड़ियों के बीच एक बड़ा हादसा हो जाएगा और कोई भी चोटिल हो जाएगा लेकिन जडेजा की समझदारी की वजह से ऐसा नहीं हुआ। जडेजा आखिरी समय तक गेंद को देखते रहे और कैच पकड़कर दूसरी तरफ मुड़ गए। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया को वेड के रूप में दिन का दूसरा झटका लगा। वेड ने आउट होने से पहले 39 गेंदों में 30 रन बनाए। बता दें कि 21 वर्षीय शुभमन गिल आज अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं, उन्हें पृथ्वी शॉ की जगह पर टीम में जगह दी गई है जबकि रविंद्र जडेजा चोट से उबरने के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं। दोनों ही खिलाड़ी पहले टेस्ट मैच में प्लेइंग इलेवन में नहीं थे।
Herald