Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

कोविड-19 प्रोटोकॉल विवाद पर टीम के साथ है BCCI, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर लगाया गंभीर आरोप !

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआइ) ने साफ कर दिया है कि वो बॉयो-बबल प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामले में फंसे पांचों भारतीय खिलाड़ियों का पूरा साथ देंगे। एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक बीसीसीआइ के एक अधिकारी ने कहा कि, इस मामले में पूरी तरह से साजिश की बू आ रही है। ये टीम इंडिया को अनसेटल करने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की बेहद खराब चाल है। टीम इंडिया के खिलाड़ियों द्वारा बॉयो बबल को तोड़ने का मामला तब सामने आया जब एक वीडियो 2 जनवरी को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने इस मामले को हेडलाइन बना दिया और मामला काफी गंभीर नजर आने लगा। इसके बाद दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड ने एक ज्वाइंट स्टेटमेंट पांचों खिलाड़ियों रोहित शर्मा, रिषभ पंत, नवदीप सैनी, शुभमन गिल और पृथ्वी शॉ को लेकर जारी किया जो इस घटना के बाद आइसोलेशन में हैं।

बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, 'खिलाड़ी हल्की बारिश की वजह से रेस्तरां के बाहर खड़े थे, फिर वह अंदर चले गए। अगर यह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का तरीका है भारत की टीम को परेशान करने का तो यह काफी बुरी बात है। सबसे पहले उनको प्रैक्टिस करने की इजाजत है। दूसरी, मुझे नहीं लगता है कि यह इतनी बड़ी बात हुई है, जिसका विपरीत असर पड़ना चाहिए। नहीं, किसी भी तरह से बायो बबल प्रोटोकॉल को नहीं तोड़ा गया है। हर कोई जो टीम इंडिया के साथ जुड़ा है, वह प्रोटोकॉल को जानता है। हम यही कह सकते हैं कि यह ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की घिनोनी चाल है भारत के हाथों मिली बुरी हार के बाद।'


अगले कुछ दिन टीम इंडिया के लिए अहम होने वाले हैं, क्योंकि टीम को सिडनी के लिए रवाना होना है। यह पांच खिलाड़ी तीसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं यह अगले 72 घंटों के अंदर पता चल सकता है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया वीडियो की जांच कर रही है। गौरतलब है कि रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद हाल में ही 29 दिसंबर को अपना 14 दिन का क्वारंटाइन पीरियड पूरा किया है। हेमस्ट्रिंग की इंजरी से उबरने के बाद एनसीए में रोहित ने अपना फिटनेस टेस्ट पास किया था। बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच में भारत की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया था और सीरीज को 1-1 से बराबर किया था।



Herald