

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2021 के पहले सेमीफाइनल में तमिलनाडु ने राजस्थान को 7 विकेट से हरा दिया। तमिलनाडु की टीम लगातार दूसरे साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। अहमदाबाद के सरदार पटेल स्टेडियम में हुए इस मैच में राजस्थान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसने 20 ओवर में 9 विकेट पर 154 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु ने 18.4 ओवर में 3 विकेट पर 158 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। दूसरा सेमीफाइनल इसी मैदान पर शाम 7:00 बजे से पंजाब और बड़ौदा के बीच होना है। तमिलनाडु की ओर से अरुण कार्तिक हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंंने 9 चौके और 3 छक्के की मदद से 54 गेंद में नाबाद 89 रन बनाए। कप्तान दिनेश कार्तिक 3 चौके की मदद से 17 गेंद में 26 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अरुण कार्तिक के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 54 गेंद में 89 रन की नाबाद साझेदारी की। अरुण कार्तिक प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए।
अरुण कार्तिक ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर खलील अहमद पर 2 रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। दिनेश कार्तिक ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर 2 रन लेकर अपने और अरुण के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। इसी गेंद पर दिनेश का राजेश बिश्नोई के हाथों कैच भी छूटा।राजस्थान की ओर से तनवीर उल-हक, अंकित चौधरी और रवि बिश्नोई ने 1-1 विकेट लिए। तनवीर ने ओपनर हरि निशांत को एलबीडब्ल्यू किया। अंकित चौधरी ने बाबा अपराजित को पवेलियन की राह दिखाई। रवि बिश्नोई ने एन जगदीशन को अपनी फिरकी में फंसाया।
Herald