

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के पांच क्रिकेटरों- रोहित शर्मा, शुभमन गिल, नवदीप सैनी, ऋषभ पंत और पृथ्वी साव के रेस्टोरेंट के अंदर खाना खाते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है जिसके बाद क्रिकेट आस्ट्रेलिया और बीसीसीआई ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही इन सभी पांचों क्रिकेटरों को आइसोलेशन में भेज दिया गया है। रेस्टोरेंट के अंदर जाना सीए के बायो सिक्योरिटी प्रोटोकॉल्स का उल्लंघन है।

दरअसल, सिडनी में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम मेलबर्न में ही अभ्यास कर रही है। 1 जनवरी को टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल, पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत, नवदीप सैनी खाना खाने बाहर निकले थे, वहीं इन खिलाड़ियों से बड़ी चूक हो गई। प्रोटोकॉल के अनुसार खिलाड़ी सुरक्षा घेरे से निकलकर बाहर तो जा सकते हैं, लेकिन खाना रेस्त्रां के बाहर बैठकर खाना होगा। अब ये पांचों खिलाड़ी आइसोलेशन में रहेंगे। दरअसल, मेलबर्न के जिस रेस्त्रां में बैठकर भारतीय क्रिकेटर्स लंच कर रहे थे। उसी जगह नवलदीप सिंह नामक भारतीय क्रिकेट फैन भी मौजूद थे। अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को सामने बैठा देख उन्होंने वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
एक के बाद नवलदीप ने लगातार कई ट्वीट्स किए, जिसमें उन्होंने अपने पसंदीदा स्टार्स का बिल चुकाने की बात भी कही। साथ ही साथ यह भी लिख दिया कि ऋषभ पंत ने उन्हें गले से लगाया, जिसके बाद से ही पूरा विवाद शुरू हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस मामले को बायो-बबल के नियमों के खिलाफ माना है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया फिलहाल किसी नतीजे पर तो नहीं पहुंचा है, लेकिन वह इस मामले में बेहद ही गंभीरता के साथ जांच कर रहा है। इन खिलाड़ियों पर क्या कार्रवाई होगी इस पर अभी कुछ कहा नहीं जा सकता, लेकिन सभी को कोरोना जांच से गुजरना पड़ सकता है।
Herald