

नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर 7 जनवरी से खेला जाना है। इस मैच के लिए विकेट कैसा होगा, बल्लेबाजों के लिए मददगार या फिर गेंदबाजों के लिए? सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) के क्यूरेटर एडम लेविस ने मैच से एक दिन पहले कहा कि तीसरे टेस्ट मैच के लिए कड़ा विकेट तैयार किया जा रहा है, जिस पर पर्याप्त घास भी होगी। लेविस ने कहा कि इस साल के बदलते मौसम को देखते हुए उन्होंने गुरुवार से शुरू होने वाले मैच के लिए काफी अच्छा विकेट तैयार किया है।

उन्होंने कहा, 'मौसम हमारे लिए चिंता का विषय था और सिडनी में टेस्ट मैच नहीं खेले जाने की बात भी हो रही थी। हम जानते हैं कि इस तरह के टेस्ट मैच की तैयारी के लिए कितनी कोशिश करनी होती है और आपको यह समझना होता है कि यह हमारे लिए बड़े फाइनल जैसा है।' लेविस ने कहा, 'यह हमारे लिए साल का सबसे अहम दौर है। हमने अपनी तरफ से मौसम के अनुसार तैयारियां की हैं और हमें लगता कि हमने सच में अच्छा विकेट तैयार किया है।'
लेविस से पूछा गया कि क्या विकेट पिछले साल ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच की तरह ही होगा तो उन्होंने कहा, 'मौसम के कारण हर साल पिच का व्यवहार बदला हुआ होता है, इसलिए हम उन्हें (टीमों को) कड़ा विकेट देना चाहते हैं जिसमें पर्याप्त घास भी हो।' उन्होंने कहा, 'तीन साल पहले इंग्लैंड की टीम यहां आई थी, तापमान 30 डिग्री के आसपास था, गर्म हवाएं चल रही थी। वह इस साल की तुलना में एकदम अलग था। इस साल काफी उमस और बारिश है और विकेटों को ढककर रखना पड़ा है।' पिछले साल ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी में न्यूजीलैंड को 279 रन से हराया था।
Herald