

नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का तीसरा मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है. एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद मेलबर्न टेस्ट में टीम इंडिया ने 8 विकेट से जीत हासिल की. इसी के साथ सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है और काफी रोमांचक भी है. एडिलेड की शर्मनाक हार के बाद कप्तान विराट कोहली अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौट गए थे. इसके बाद मेलबर्न में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम ने बाउंस बैक किया. टीम की मेलबर्न जीत के बाद गौतम गंभीर को लगता है कि भारत के पास इस सीरीज को जीतने का अच्छा मौका है.

मेलबर्न टेस्ट में जीत के साथ ही मेजबान टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं. ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ खराब फॉर्म में चल रहे हैं और भारतीय गेंदबाज की शानदार फॉर्म जारी है. पूर्व भारतीय बल्लेबाज गौतम गंभीर को भरोसा है कि ऐसे में भारत के पास सीरीज जीतने का अच्छा मौका है और अभी ऑस्ट्रेलिया का बल्लेबाजी लाइन-अप भी काफी खराब है.गौतम गंभीर ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, ''हमारे पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीतने का अच्छा मौका है. अगर आप दुनिया के शीर्ष चार बल्लेबाजी क्रम को देखें, मुझे लगता है कि यह सबसे कमजोर बैटिंग लाइन अप है. ऑस्ट्रेलिया से बेहतर इंग्लैंड है. न्यूजीलैंड भी ऑस्ट्रेलिया से बेहतर और भारत तो ऑस्ट्रेलिया से कहीं ज्यादा बेहतर है.
उन्होंने आगे कहा, ''मैंने अपनी जिंदगी में इस तरह का ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाजी लाइन अप कभी नहीं देखा है. यह काफी आलोचनात्मक है. वह भारत के मुख्य हमले को नहीं खेल रहे हैं. अगर मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा और उमेश यादव फिट होते तो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के पास इस पेस अटैक का कोई जवाब नहीं होता. इसलिए ऐसे में भारत के पास इस सीरीज को जीतने की ज्यादा संभावना है. उन्होंने कहा, ''यह भारतीय टीम के लिए ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया को फिर से हरा देने का एक बड़ा अवसर है, क्योंकि मुझे नहीं लगता कि मेजबान टीम की बल्लेबाजी में इस तरह की कमी कभी देखी गई थी. वह दबाव में हैं.
Herald