Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

गांगुली की हालत स्थिर, कल मिल सकती है अस्पताल से छुट्टी

स्पोर्ट्स डेस्क। बीसीसीआई अध्यक्ष और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की हालत स्थिर है और उन्हें कल यानी बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है. वुडलेंड्स अस्पताल की एमडी और सीईओ रूपाली बसु ने बताया कि वरिष्ठ डॉक्टरों के नौ सदस्यीय बोर्ड ने सोमवार को गांगुली की सेहत के बारे में चर्चा की और इस पर सहमति बनी कि चूंकि उनकी हालत स्थिर है इसलिए उनकी जो एंजियोप्लास्टी होनी है उसे कुछ दिन के लिए टाला जा सकता है.


गौरतलब है कि शनिवार को हल्का दिल का दौरा पड़ने के बाद 48 साल के गांगुली को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई. ह्रदय तक जाने वाली उनकी तीन प्रमुख धमनियों में अवरोध पाया गया था जिसे ट्रिपल वेसल डिसीज भी कहते हैं. बसु ने बताया कि जाने माने ह्रदयरोग विशेषज्ञ डॉ. देवी शेट्टी और डॉ. आर. के. पांडा भी ऑनलाइन तरीके से बैठक में शामिल हुए और अमेरिका के एक अन्य विशेषज्ञ से भी फोन पर इस विषय के बारे में चर्चा हुई. बोर्ड की सदस्य बसु ने बताया कि मेडिकल बोर्ड में यह आम सहमति बनी कि चूंकि गांगुली की सेहत स्थिर है, सीने में दर्द नहीं है, ऐसे में एंजियोप्लास्टी को फिलहाल के लिए टालना सुरक्षित विकल्प होगा.


बैठक में गांगुली के परिजन भी मौजूद थे जिन्हें रोग संबंधी प्रक्रिया और आगे के इलाज की योजना के बारे में बताया गया. बसु ने बताया कि एंजियोप्लास्टी तो आने वाले कुछ दिन या हफ्तों में करनी ही होगी. उन्हें संभवत: कल तक अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी. उन्होंने बताया कि गांगुली का इलाज कर रहे डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर रखेंगे. दिल का दौरा पड़ने के बाद गांगुली के ह्रदय की एक प्रमुख धमनी में स्टेंट डाला गया था. इस बीच केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर गांगुली से मुलाकात करने पहुंचे. उन्होंने उम्मीद जताई कि बीसीसीआई अध्यक्ष जल्द ही सामान्य जीवन में लौटेंगे.



Herald