

स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड क्रिकेट टीम श्रीलंका पहुंच चुकी है, जहां उसे इसी महीने दो टेस्ट मैच खेलने हैं। इसके बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम भारत रवाना होगी, फरवरी से मार्च के बीच में टीम को चार टेस्ट, पांच टी20 इंटरनैशनल और तीन वनडे इंटरनैशनल मैचों की सीरीज खेलनी है। इंग्लैंड के इन दोनों दौरों को लेकर पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने अपना प्रिडिक्शन बताया है। क्रिकेटर से कमेंटेटर बने हुसैन की माने तो श्रीलंका में इंग्लैंड टीम जीत दर्ज कर सकती है, लेकिन भारत में उनके लिए चीजें आसान नहीं होंगी।

हुसैन ने मेलस्पोर्ट से बातचीत के दौरान कहा, 'श्रीलंका में इंग्लैंड को लेकर मैं पॉजिटिव हूं, लेकिन भारत की बात अलग है। 2012 में एलिस्टेयर कुक की कप्तानी में इंग्लैंड का सफल दौरा था, इससे पहले डेविड गोवर की कप्तानी में, लेकिन इंग्लैंड टीम वहां ज्यादा मैच नहीं जीत सकी है। अगर इंग्लैंड को भारत में जीतना है तो एक स्पिनर को वैसा करना होगा, जैसा ग्रीम स्वान और मोंटी पनेसर ने किया था। अगर वे ऑस्ट्रेलिया में जीतते हैं, तो जोफ्रा आर्चर, मार्क वुड या ओली स्टोन में से एक एक्स्ट्रा तेज गेंदबाज भी चाहिए होगा।
उन्होंने आगे कहा, 'एक इंग्लैंड कप्तान बिना रन बनाए जीतता है, या फिर रन बनाता है और जीतता नहीं है, तो चल सकता है, लेकिन अगर दोनों चीजें नहीं होती हैं, तो बहुत मुश्किल हो सकती है। जो रूट में बड़ा स्कोर बनाने की और टीम को जीत दिलाने की काबिलियत है।' 2021 में इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट के कुछ मुश्किल दौरे हैं। श्रीलंका और भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद इंग्लैंड को इस साल एशेज भी खेलना है।
Herald