

स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के ऑफ स्पिनर नाथन लियोन अपनी टीम के अहम खिलाड़ियों में से एक हैं. लियोन ने भारत के कप्तान विराट कोहली को काफी परेशान किया है और अकसर उनका विकेट भी लेते आए हैं. लेकिन अब विराट की गैरमौजूदगी में उनका निशाना रोहित शर्मा पर है. नाथन लियोन ने रोहित शर्मा को विश्व क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक करार देते हुए कहा कि उनकी टीम के पास इस भारतीय सलामी बल्लेबाज के लिए उचित रणनीति होगी.

रोहित चोट के कारण सीमित ओवरों की श्रृंखला, एडीलेड टेस्ट और मेलबर्न टेस्ट में नहीं खेल पाए थे. वह आखिरी दो मैचों के लिए टीम से जुड़े हैं.लियोन ने वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘निश्चित तौर पर रोहित शर्मा अभी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक है, इसलिए यह हमारे गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती होगी, लेकिन हम इसके लिए तरीका निकालने जा रहे हैं. हमें स्वयं को चुनौती देना पसंद है’.
उन्होंने कहा, ‘यह देखना दिलचस्प होगा कि रोहित को भारतीय टीम में किसके स्थान पर लिया जाता है. लेकिन हमारे पास रोहित के लिए रणनीति होगी और उम्मीद है कि हम शुरू में ही उस पर हावी होने में सफल रहेंगे’.रोहित को अंतिम दो टेस्ट मैचों के लिये भारत का उप कप्तान नियुक्त किया गया है.
Herald